इटावा: गैस उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था, 25 दिन बाद ही होगी अगली रिफिल बुकिंग
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में जनपद के गैस कनेक्शनधारकों को नई व्यवस्था के बारे में अवगत कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में घरेलू गैस रिफिल की कीमत लगभग 940 से 950 रुपये के बीच हो सकती है। उपभोक्ता पहली रिफिल प्राप्त करने के 25 दिन बाद ही अगली रिफिल की बुकिंग कर सकेंगे। रिफिल बुकिंग केवल ऑनलाइन माध्यम से ही की जाएगी।
बुकिंग होने के बाद गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी की जाएगी, जिसके लिए उपभोक्ताओं को गैस गोदाम या शोरूम जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता अपने डिस्ट्रीब्यूटर या संबंधित गैस एजेंसी के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार वर्तमान में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी। जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक केवाईसी नहीं कराई है, वे अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर या ऑनलाइन माध्यम से केवाईसी पूरी करा लें, ताकि गैस रिफिल की सुविधा सुचारू रूप से मिलती रहे।



