
बार्टी की छात्रवृत्ति से पूरा हुआ सिविल सेवा का सपना: बापूसाहेब गायकवाड़
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे,।सामान्य परिवार से आने वाले बापूसाहेब रतन गायकवाड़ ने कहा कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्था (बार्टी), पुणे की छात्रवृत्ति के कारण ही उनका भारतीय सिविल सेवा में जाने का सपना पूरा हो सका। बार्टी संस्थान में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उन्होंने यह बात कही।
गायकवाड़ ने बताया कि उनके पिता ट्रक ड्राइवर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, लेकिन उन्होंने भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और छत्रपति शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सिविल सेवा की तैयारी जारी रखी। बार्टी द्वारा प्रदान की गई छात्रवृत्ति की बदौलत उन्हें दिल्ली के प्रतिष्ठित वाजीराम कोचिंग संस्थान में प्रवेश मिला, जिससे उन्हें यूपीएससी की कठिन परीक्षा की तैयारी में बड़ी मदद मिली।
उन्होंने कहा कि उनकी सफलता का पूरा श्रेय बार्टी संस्था को जाता है और वह जीवनभर इस संस्था के ऋणी रहेंगे। हाल ही में 6 मार्च 2026 को घोषित संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) के परिणाम में बार्टी के नौ छात्रों ने सफलता प्राप्त कर संस्था का नाम रोशन किया है। बापूसाहेब रतन गायकवाड़ ने 561वीं रैंक हासिल की है और उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) मिलने की संभावना जताई जा रही है।

इस अवसर पर यूपीएससी विभाग की प्रमुख शुभांगी पाटील और विस्तार एवं सेवा विभाग के प्रमुख डॉ. बबन जोगदंड ने गायकवाड़ को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा, भारतीय संविधान की प्रति और सम्मान चिन्ह देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में शुभांगी पाटील ने कहा कि बार्टी संस्था यूपीएससी की तैयारी करने वाले छात्रों को नामी संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराती है और विद्यार्थियों को इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर सफलता हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी सफलता हासिल की जा सकती है, जिसका उदाहरण बापूसाहेब गायकवाड़ हैं।
डॉ. बबन जोगदंड ने आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि गायकवाड़ प्रशासनिक सेवा में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों को आगे बढ़ाएंगे और अपने कार्यकाल में एक उत्कृष्ट अधिकारी के रूप में पहचान बनाएंगे। उन्होंने बताया कि बार्टी के सफल छात्रों की प्रेरणादायक कहानियों पर जल्द ही एक विशेष संकलन तैयार किया जाएगा।
यूपीएससी में सफलता प्राप्त करने पर गायकवाड़ को राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट, प्रधान सचिव डॉ. हर्षदीप कांबळे, समाज कल्याण आयुक्त एवं बार्टी की प्रभारी महासंचालक दीपा मुधोळ-मुंडे तथा निबंधक डॉ. सुचिता शिंदे ने भी बधाई और शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में लेखाधिकारी नितिन चव्हाण, उल्हास शिंदे, कार्यालय अधीक्षक प्रज्ञा मोहिते, परियोजना प्रबंधक शुभांगी सुतार, डॉ. सारिका थोरात, महेश गवई, यूपीएससी समन्वयक शुभम सुरवसे, साक्षी चंदनशिवे सहित बार्टी संस्थान के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रामदास लोखंडे ने किया।

