
संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग की वार्षिक बैठक में पुणे की वैद्य ईशानी बेंडाळे का तीसरी बार चयन
ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में उच्च शिक्षा ले रहीं ईशानी उठाएंगी महिलाओं के न्याय और समानता से जुड़े मुद्दे
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे: न्यूयॉर्क में आयोजित संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग की वार्षिक बैठक में भाग लेने के लिए पुणे की वैद्य ईशानी बेंडाळे का चयन किया गया है। वैश्विक स्तर की इस महत्वपूर्ण बैठक में उनकी भागीदारी से शहर का गौरव बढ़ा है। विशेष बात यह है कि वह इस सम्मेलन में लगातार तीसरी बार शामिल हो रही हैं। वैद्य बेंडाळे भारत की स्वास्थ्य व्यवस्था में अपने प्रत्यक्ष अनुभव के आधार पर महिलाओं के स्वास्थ्य, न्याय तक पहुंच और समानता से जुड़े मुद्दे अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखेंगी।
महिलाओं की समानता और अधिकारों के लिए कार्य करने वाले संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग की वार्षिक बैठक (यूएन-सीएसडब्ल्यू-70) 9 से 19 मार्च तक न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित की जा रही है। इस सम्मेलन में दुनिया भर से विभिन्न देशों के सरकारी प्रतिनिधि, नीति निर्माता और नागरिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
वैद्य ईशानी बेंडाळे मूल रूप से पुणे की निवासी हैं। उन्होंने टिळक आयुर्वेद महाविद्यालय से आयुर्वेद चिकित्सा में बीएएमएस की डिग्री प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने ब्रिटेन के स्वानसी विश्वविद्यालय से नैनोमेडिसिन में पोस्टग्रेजुएट शिक्षा पूरी की। वर्तमान में वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ‘एविडेंस बेस्ड हेल्थकेयर’ विषय में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। उनके शोध कार्य को देखते हुए वर्ष 2023 में उन्हें ब्रिटिश सोसायटी फॉर नैनोमेडिसिन संस्था का ‘चैंपियन’ चुना गया था। पिछले वर्ष उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनियन जैसी प्रतिष्ठित संस्था में ‘पश्चिमी नारीवाद और ग्लोबल साउथ’ विषय पर आयोजित चर्चा का संचालन भी किया था।
इस अवसर पर वैद्य ईशानी बेंडाळे ने कहा, “संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग की वार्षिक बैठक में तीसरी बार शामिल होने का अवसर मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। भारत की एक आयुर्वेदिक डॉक्टर के रूप में स्वास्थ्य क्षेत्र के अनुभव के आधार पर महिलाओं के स्वास्थ्य, न्याय तक पहुंच और समानता से जुड़े मुद्दों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखने का मौका मिल रहा है। वैश्विक स्तर पर महिला-पुरुष समानता को लेकर व्यापक संवाद की आवश्यकता है। नीति, जमीनी अनुभव और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को जोड़ने वाली चर्चाओं का हिस्सा बनने के लिए मैं उत्साहित हूं।”


