अपराधइटावाउत्तर प्रदेश

फौजी ढाबा लूट कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

फौजी ढाबा लूट कांड का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

16 हजार रुपये, कारतूस, कुल्हाड़ी व स्कॉर्पियो कार बरामद

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश

इटावा, । जसवंतनगर थाना क्षेत्र में आगरा-कानपुर हाईवे स्थित फौजी ढाबा पर हुई लूट और मारपीट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 16 हजार रुपये नगद, एक क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन, एक कुल्हाड़ी, .315 बोर के सात जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कॉर्पियो कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 10 मार्च की रात करीब 9 बजे ग्राम भिखन निवासी राजीव कुमार अपने फौजी ढाबा (आगरा-कानपुर हाईवे, मलाजनी) पर मौजूद थे। इसी दौरान चार लोग ढाबे पर पहुंचे और खाना पैक कराने को कहा। पैसे मांगने पर आरोपियों ने तलवार, फरसा और लोहे की रॉड निकालकर ढाबा संचालक और कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इसके बाद ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और गद्दी से नगदी व एक वीवो मोबाइल फोन छीन लिया। साथ ही ढाबा मालिक की लाइसेंसी रायफल व कारतूस लेकर स्कॉर्पियो कार से फरार हो गए। पीछा करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायर भी किया।

घटना के संबंध में थाना जसवंतनगर में मुकदमा संख्या 57/26 धारा 109 व 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 12-13 मार्च की रात कुरसैना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान सूचना के आधार पर जौनई फार्म के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पटना साहिब गुरुद्वारा से दर्शन कर लुधियाना लौट रहे थे। रास्ते में इटावा के पास ढाबे पर खाना खाने रुके थे। खाने के पैसे को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उन्होंने मारपीट कर दी, ढाबा मालिक की लाइसेंसी रायफल छीन ली और ढाबे की गोलक से करीब 16 हजार रुपये निकाल लिए। पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। भागते समय रायफल से एक फायर किया और बाद में रायफल को हाईवे किनारे फेंक दिया, जिसकी बरामदगी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरप्रीत सिंह (47), प्रीत सिंह (25), जगदीप सिंह (38) और हरजिंदर सिंह (50) निवासी लुधियाना (पंजाब) के रूप में हुई है। घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार को पुलिस ने एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। मामले में धारा 317(2) और 324(4) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई है।

कार्रवाई थाना जसवंतनगर प्रभारी कमल भाटी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ललित किशोर चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक शुभम वर्मा, उपनिरीक्षक मनीष कुमार, कांस्टेबल अवनीश कुमार, कांस्टेबल तरुण कुमार तथा चालक हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार की टीम ने की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button