पूणेखेलमहाराष्ट्र

10 अप्रैल से शुरू होगा ‘सिंधी प्रीमियर लीग’ का सातवां सीजन, 16 पुरुष और 7 महिला टीमें लेंगी भाग

10 अप्रैल से शुरू होगा ‘सिंधी प्रीमियर लीग’ का सातवां सीजन, 16 पुरुष और 7 महिला टीमें लेंगी भाग

रिपोर्ट: विशाल समाचार

स्थान:पिंपरी पुणे महाराष्ट्र

पिंपरी (पुणे)। सामाजिक एकता और खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली सिंधी प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता का सातवां सीजन 10 अप्रैल से 3 मई 2026 तक पिंपरी में आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष प्रतियोगिता में 16 पुरुष और 7 महिला टीमें भाग लेंगी। पिंपरी स्थित एमसीसी, मृणाल क्रिकेट ग्राउंड पर होने वाली इस प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण सिंधी प्रीमियर लीग के फेसबुक पेज पर किया जाएगा। यह जानकारी आयोजन समिति के नरेश नशा और बिपीन दखनेजा ने पत्रकार परिषद में दी।

रावेत स्थित होटल ब्ल्यू वॉटर में आयोजित पत्रकार वार्ता में उद्यमी डब्बू आसवानी, श्रीचंद आसवानी, रोनक पंजाबी, अविनाश इसरानी, अंकुश मुलचंदानी, करण आसवानी, अवि तेजवानी, सोमेश गिडवाणी, कुणाल गुडेला, मनीष गेरेजा, यश थडानी, कंवल खियानी, गुलशन गंगवानी, कामेश पमनानी, पवन कोटवानी और मयूर तिलवानी सहित कई टीम मालिक और प्रायोजक उपस्थित थे।

इस अवसर पर डब्बू आसवानी ने कहा कि सिंधी समाज के उद्यमी युवाओं ने मिलकर इस क्रिकेट लीग की शुरुआत की थी, जो अब समाज का एक बड़ा उत्सव बन चुकी है। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित किया जा रहा है तथा मोबाइल और इंटरनेट की दुनिया से बाहर निकलकर खेल मैदान की ओर आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता से प्राप्त निधि से साधु वासवानी मिशन की एक छात्रा की संपूर्ण शिक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी ली जाएगी।

श्रीचंद आसवानी ने बताया कि सिंधी प्रीमियर लीग सीजन-7 का उद्घाटन 10 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे किया जाएगा। समारोह में पूर्व क्रिकेटर, सिंधी समाज के प्रतिष्ठित नागरिक, खिलाड़ी, टीम मालिक और उनके परिवारजन उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले सात वर्षों में इस प्रतियोगिता को पुणे सहित पूरे महाराष्ट्र से अच्छा प्रतिसाद मिला है और इस बार महिला खिलाड़ियों को भी विशेष अवसर दिया गया है, जिसमें सात महिला टीमें भाग लेंगी।

आयोजन समिति के बिपीन दखनेजा ने बताया कि प्रतियोगिता की संरचना आईपीएल की तर्ज पर की गई है। पुरुष वर्ग में 16 और महिला वर्ग में 7 टीम मालिक अपनी-अपनी टीमों के साथ मैदान में उतरेंगे। पुरुष टीमों के नाम सिंधी संस्कृति से प्रेरित हैं, जबकि महिला टीमों के नाम प्रमुख नदियों पर आधारित रखे गए हैं। प्रतियोगिता में कुल 256 पुरुष और 98 महिला खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है।

इस अवसर पर प्रतियोगिता के विभिन्न प्रायोजकों और सहयोगियों का भी आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने बताया कि समाज में खेल और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस लीग का आयोजन लगातार किया जा रहा है और इसे समाज का व्यापक समर्थन मिल रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button