
चांदनी चौक पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर स्मारक व पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापित करने की मांग
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे : डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की जयंती के पूर्व आयोजित विशेष बैठक में पुणे महानगरपालिका में चांदनी चौक पर उनके स्मारक एवं पूर्णाकृति प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठाई गई। यह प्रस्ताव रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के युवा राज्य संयोजक उमेश कांबळे द्वारा रखा गया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि यदि महानगरपालिका द्वारा उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराया जाता है तो उनकी संस्था ‘विकास प्रतिष्ठान’ की ओर से प्रतिमा उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक में मंजुषा नागपुरे, परशुराम वाडेकर, नवल किशोर राम सहित नगरसेवक, पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके अलावा आंबेडकर आंदोलन से जुड़े विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता, मंडलों के पदाधिकारी एवं सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी लोगों को अपने विचार रखने का अवसर दिया गया। इस दौरान यह भी कहा गया कि पुणे महानगरपालिका में हाल ही में शामिल हुए 23 गांवों के संदर्भ में चांदनी चौक शहर का पश्चिमी प्रवेश द्वार है, ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर का भव्य स्मारक और प्रतिमा स्थापित किया जाना आवश्यक है।
उमेश कांबळे ने अपने संबोधन में कहा कि महानगरपालिका यदि स्थान उपलब्ध कराती है तो उनकी संस्था ‘विकास प्रतिष्ठान’ के माध्यम से पूर्णाकृति प्रतिमा प्रदान की जाएगी। इस प्रस्ताव को बैठक में उपस्थित लोगों का सकारात्मक समर्थन प्राप्त हुआ।


