
इटावा में कृषि ज्ञान मेला आयोजित, वैज्ञानिक खेती अपनाने पर दिया जोर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, — उप कृषि निदेशक (शोध) ने बताया कि संभागीय कृषि परीक्षण एवं प्रदर्शन केंद्र जौनई में 17 मार्च 2026 को एक दिवसीय कृषि ज्ञान मेला, कृषक गोष्ठी एवं कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
मेले में बीज परीक्षण, मृदा परीक्षण, पशुपालन, जैविक खेती, श्री अन्न (मिलेट्स) सहित विभिन्न कृषि संबंधित विषयों पर स्टॉल लगाए गए। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण संस्था और निजी बीज विक्रेताओं ने भी अपने स्टॉल के माध्यम से किसानों को जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के रूप में विधायक प्रतिनिधि सचिन यादव (जिला पंचायत सदस्य, भारतीय जनता पार्टी) द्वारा किया गया। उन्होंने किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने और वैज्ञानिक खेती अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
उप कृषि निदेशक (शोध) आर.एन. सिंह ने केंद्र की स्थापना, उद्देश्यों और यहां संचालित गतिविधियों के साथ-साथ जैविक खेती के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। जिला कृषि अधिकारी ओकार सिंह ने कृषि निवेशों की उपलब्धता पर जानकारी दी।
इस दौरान संयुक्त सचिव, मानव कल्याण प्रतिष्ठान प्रकाश नारायण त्रिपाठी ने जैव उर्वरकों के उपयोग और मृदा में जैविक कार्बन बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। सेवानिवृत्त विषय विशेषज्ञ सत्येंद्र सिंह ने रबी एवं खरीफ फसलों की देखभाल और रोग नियंत्रण के उपाय बताए, जबकि वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक हरेन्द्र सिंह ने फल एवं सब्जी उत्पादन पर जानकारी दी। जिला उद्यान अधिकारी श्याम सिंह ने विभागीय योजनाओं के बारे में किसानों को अवगत कराया।
कार्यक्रम में प्रदीप कुमार, गजेन्द्र सिंह, उपेन्द्र कुमार, अशलेन्द्र कुमार, श्रीमती अंजू वर्मा, हरिओम, गजेन्द्र यादव, राजीव कुमार सिंह सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
अंत में उप कृषि निदेशक (शोध) आर.एन. सिंह ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।



