
इटावा: सरकार के 9 वर्ष पूरे होने पर प्रदर्शनी पंडाल में कार्यक्रम, योजनाओं और उपलब्धियों की दी गई जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, — उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदर्शनी पंडाल में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक सरिता भदौरिया एवं भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू गुप्ता ने की।
इस दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार से “नवनिर्माण के 9 वर्ष” कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी पंडाल में दिखाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई।
आयोजन स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को दी गई। सेवायोजन विभाग के तहत चयनित युवाओं को नियुक्ति प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश में बीते वर्षों में किए गए कार्यों और योजनाओं पर जानकारी साझा की गई। वक्ताओं ने कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, बुनियादी ढांचे और अन्य क्षेत्रों में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभाव पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव राजपूत, महामंत्री प्रशांत राव चौबे, जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, एसपी सिटी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

