
शांति और सद्भाव के साथ सभी त्यौहार मनाएं – कलेक्टर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज . मऊगंज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईद-उल-फितर, रामनवमी, झूलेलाल जयंती एवं महावीर जयंती पर्वों के आयोजन के संबंध में व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। बैठक में कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जिले की परंपरा के अनुसार सभी त्यौहार शांति और सद्भाव से मनाए जाएंगे। प्रशासन द्वारा सभी त्यौहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। त्यौहार पूरे उल्लास और उत्साह से मनाएं। त्यौहार मनाते समय अनुशासन बनाए रखें। त्यौहारों की भीड़भाड़ का लाभ उठाकर कई बार असामाजिक तत्व अव्यवस्थाएं पैदा करने का प्रयास करते हैं। इनसे कड़ाई से निपटा जाएगा। शोभा यात्रा, चल जुलूस तथा अन्य सभी बड़े आयोजनों में सुरक्षा बल तैनात रहेंगे। इसके साथ-साथ आयोजक, प्रशासन और जनता को सहयोग देने के लिए अपने स्वयंसेवक भी परिचय पत्र देकर तैनात रखें। सबके सहयोग से व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने अपेक्षा की कि सभी त्योहार सौहार्द पूर्ण ढंग से शांतिपूर्वक भाई चारे की भावना के साथ मनाये जायेंगे।
कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न त्यौहारों के दौरान प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई, बिजली और पानी की भी समुचित व्यवस्था की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक दिलीप सोनी ने कहा कि चल समारोहों, जुलूस तथा बड़े आयोजनों की सूचना एसडीएम कार्यालय तथा पुलिस थाने को अवश्य दें। जुलूस में किसी प्रकार का हथियार लेकर प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। आवेदन में जुलूस के मार्ग, समय तथा उसमें शामिल होने वाले व्यक्तियों और वाहनों की अनुमानित संख्या का उल्लेख अवश्य करें। त्यौहारों के दौरान सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों तथा नगर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में सुरक्षा के उचित प्रबंध किए जाएंगे। बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने विभिन्न त्यौहारों के आयोजन के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

