
ज्ञान से वैश्विक व्यापार तक: ‘गौ टेक 2026’ पुणे में आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम”
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
गौ टेक 2026 के तहत गौ-आधारित ज्ञान, विज्ञान और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय आयोजन 20 से 23 मार्च 2026 तक कृषि महाविद्यालय मैदान में आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम “ब्राउन रिवोल्यूशन” के वैश्विक आह्वान के रूप में भारत को आत्मनिर्भर ग्रामीण विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास है।
यह अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन और प्रदर्शनी Global Confederation of Cow-Based Industries (GCCI) के तत्वावधान में, महाराष्ट्र गौ सेवा आयोग के सहयोग और MSME मंत्रालय के समर्थन से आयोजित किया जा रहा है।
पुणे में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में GCCI के संस्थापक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. वल्लभभाई कथीरिया ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य गौ-आधारित उद्योग, विज्ञान, तकनीक, नवाचार और उद्यमिता के लिए एक वैश्विक मंच तैयार करना है।
चार दिवसीय इस आयोजन में नीति निर्माता, वैज्ञानिक, उद्योगपति, स्टार्टअप्स, निवेशक, किसान, गोशालाएं, विश्वविद्यालय और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि देश-विदेश से भाग लेंगे। प्रदर्शनी में 200 से अधिक स्टॉल, 12 से ज्यादा विषयगत सेमिनार, B2B समझौते और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के अवसर उपलब्ध होंगे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष शेखर मुंदड़ा के अनुसार प्रदर्शनी में जैव-खाद, दुग्ध उत्पाद, गोबर-गोमूत्र आधारित नवाचार, प्राकृतिक खेती, बायोगैस, सौर ऊर्जा, पशु आहार, कृषि मशीनरी, बैंकिंग एवं स्टार्टअप समाधान सहित कई क्षेत्रों की उन्नत तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही देशी गायों की नस्लों का लाइव प्रदर्शन और आयुर्वेद व पंचगव्य आधारित उपचार भी प्रमुख आकर्षण होंगे।
कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन 20 मार्च को शाम 4 बजे होगा, जबकि समापन 23 मार्च को किया जाएगा। इस दौरान तकनीकी सेमिनार, किसान सम्मेलन, महिला सम्मेलन, स्टार्टअप मंच, संत सम्मेलन और गौ रक्षक सम्मेलन आयोजित होंगे। प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक खुली रहेगी।
विशेष आकर्षणों में गौ परिक्रमा पथ, आदर्श गोशाला मॉडल, अग्निहोत्र और गौ यज्ञ जैसे वैदिक अनुष्ठान शामिल होंगे। साथ ही “गौ टेक पुरस्कार” विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे और गोबर-गोमूत्र आधारित उत्पाद निर्माण पर लाइव प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
इस आयोजन में देवेंद्र फडणवीस, नितिन गडकरी, शिवराज सिंह चौहान सहित कई केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता, सांसद, मंत्री और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा जैकी श्रॉफ सहित कई प्रमुख हस्तियों का भी समर्थन प्राप्त है।
कार्यक्रम को IFFCO, Amul, RR Kabel सहित कई प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थाओं का सहयोग मिल रहा है।
GCCI ने देशभर के उद्यमियों, स्टार्टअप्स, किसानों और शोधकर्ताओं से इस आयोजन में भाग लेकर अपने नवाचारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का आह्वान किया है।



