
इटावा में एलपीजी व पेट्रोलियम आपूर्ति पर प्रशासन सख्त
डीएम-एसएसपी की बैठक, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी चेतावनी
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा, जनपद में एलपीजी एवं पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ एलपीजी व गैस एसोसिएशन तथा एचपीसीएल, बीपीसीएल, आईओसी और टोरेंट गैस के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक में वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मीडिया में प्रसारित खबरों को देखते हुए पेट्रोल पंप व गैस एजेंसी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और किसी भी स्थिति में अधिक मूल्य वसूली, जमाखोरी या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पेट्रोल पंप मालिकों व गैस एजेंसी संचालकों को कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और इमरजेंसी नंबर प्रदर्शित करने को कहा गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में बोतलों में पेट्रोलियम पदार्थों की बिक्री नहीं होगी। घरेलू गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता देते हुए केवल ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से ही वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध बिक्री या भंडारण पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
इसके अलावा गैस कंपनियों को निर्देशित किया गया कि जिन उपभोक्ताओं के पास गैस कनेक्शन और पाइपलाइन दोनों उपलब्ध हैं, उनकी सूची तैयार कर समन्वय के साथ पाइपलाइन आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाए और ऐसे मामलों में अस्थायी रूप से सिलेंडर बुकिंग रोकी जाए।
गैस एजेंसी संचालकों को अपने स्टाफ व डिलीवरी कर्मियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि निर्धारित उपभोक्ताओं तक ही गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।
प्रशासन ने साफ किया कि किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।



