
ईद-उल-फितर पर इटावा पुलिस अलर्ट, डीएम व एसएसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
दिनांक: 21 मार्च 2026,
ईद-उल-फितर के अवसर पर जनपद इटावा में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। जिलाधिकारी इटावा शुभ्रांत कुमार शुक्ल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से जनपद के विभिन्न संवेदनशील स्थानों, प्रमुख मस्जिदों और महत्वपूर्ण चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों की निगरानी में ईद की नमाज शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न कराई गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की सघन जांच करने तथा किसी भी अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।
जनपद की सभी प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, पीएसी और क्यूआरटी टीमों की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों का सुव्यवस्थित प्रबंधन तथा यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष ड्यूटी लगाई गई। इसके साथ ही ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार निगरानी रखी गई तथा फुट और वाहन पेट्रोलिंग जारी रही।
अधिकारियों ने आमजन से संवाद कर अपील की कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।



