निगरानी का बड़ा एक्शन: डीडीसी बृजेश कुमार के ठिकानों पर छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज
करीब 1.84 करोड़ की अवैध संपत्ति का आरोप, कई ठिकानों पर एक साथ रेड
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान शिवहर/पटना, बिहार
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए Special Vigilance Unit (एसवीयू) ने शिवहर में तैनात डीडीसी बृजेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही मंगलवार की सुबह उनके आवास सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई।
निगरानी टीम द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में आरोप है कि अधिकारी ने अपनी सेवा अवधि के दौरान लगभग 1.84 करोड़ रुपये की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय से कहीं अधिक है। छापेमारी के दौरान टीम द्वारा दस्तावेजों, बैंक खातों, अचल संपत्ति और अन्य निवेश से संबंधित कागजात की गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी अभी जारी है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हाथ लगने की संभावना जताई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त नीति का हिस्सा माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सरकार लगातार ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई कर रही है।
निगरानी विभाग के अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जांच पूरी होने के बाद संपत्ति जब्ती, गिरफ्तारी और विभागीय कार्रवाई जैसे कदम उठाए जा सकते हैं।



