
दरभंगा में अम्बेडकर जयंती को लेकर तैयारियां तेज, समाजसेवी चिकित्सक को दिया गया आमंत्रण
रिपोर्ट: कुणाल किशोर
स्थान:दरभंगा बिहार
दरभंगा। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में डॉ. भीमराव अम्बेडकर संस्थान के संस्थापक आदर्श कुमार ने शहर के प्रसिद्ध चाइल्ड स्पेशलिस्ट एवं समाजसेवी डॉ. संजय कुमार को जयंती समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इस दौरान आदर्श कुमार ने डॉ. संजय कुमार को आमंत्रण पत्र सौंपने के साथ ही बाबा साहब की तस्वीर अंकित विशेष कलम भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समारोह को इस वर्ष भव्य और व्यापक रूप देने की योजना है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. संजय कुमार ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचार आज भी समाज को नई दिशा देते हैं। उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाना समय की जरूरत है।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, समानता और सामाजिक एकता के मूल्यों को मजबूत करने का प्रयास है। समारोह को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां जारी हैं।


