
रामनवमी पर धायरी में भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे:रामनवमी के अवसर पर पुणे के धायरी क्षेत्र में भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस शोभायात्रा में स्थानीय नागरिक, युवक एवं महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल बन गया।

यह शोभायात्रा सरकार प्रतिष्ठान एवं अखिल नरवीर तानाजी मालुसरे पथ श्रीराम नवमी उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित की गई। लक्ष्मी मंगेश कदम के नेतृत्व में आशिष बेनकर, अक्षय उंदरे, गणेश साखरे, सचिन सोनवणे, संदीप स्वामी, गणेश पासलकर, गणेश खामकर और अजिंक्य जाधव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने आयोजन को भव्य रूप दिया।
शोभायात्रा में सजे-धजे रथ पर भगवान श्रीराम की धनुर्धारी प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसे फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। इसके साथ ही समाज में महिलाओं के प्रति हो रहे अत्याचार एवं अन्य सामाजिक मुद्दों पर जनजागरूकता से जुड़े झांकी भी प्रस्तुत की गईं।
इसके अलावा मल्हारी खंडेराय और बानू के विवाह प्रसंग तथा पारंपरिक कर्नाटकी संस्कृति पर आधारित झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शंखवादन, ढोल-लेझीम, बैंड और भजन मंडलियों ने शोभायात्रा को और भी आकर्षक बना दिया।

गणेश नगरी से धायरी फाटा तक निकाली गई इस शोभायात्रा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग सड़कों के किनारे जुटे रहे। पूरे मार्ग पर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, यह शोभायात्रा का दूसरा वर्ष है और कम समय में ही इसे क्षेत्रवासियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य धार्मिक भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक मुद्दों पर जनजागरूकता फैलाना भी है।



