रक्तदान शिविर का आयोजन एक अक्टूबर को रक्तदान करने के लिये चलाये जायेंगे जागरूकता कार्यक्रम – कलेक्टर
रीवा (MP) :आगामी एक अक्टूबर को कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। रक्तदान शिविर की तैयारियों की समीक्षा के लिये कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर डॉ. इलैयाराजा टी ने कहा कि एक अक्टूबर को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक व्यक्तियों को रक्तदान करने के लिये प्रेरित करें। रक्तदान करके हम किसी की जान बचा सकते हैं। रक्तदान करने से हमारे शरीर को कोई नुकसान नहीं होता है। कलेक्टर ने कहा कि जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को रक्तदान करने के लिये प्रेरित किया जायेगा। रक्तदान शिविर के लिये सामाजिक संगठन तथा स्वयंसेवी संस्थाओं की भी महत्वपूर्ण भागीदारी होगी। बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों को रक्तदान शिविर की समुचित व्यवस्थायें करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में रक्तदान शिविर के लिये लक्ष्य भी निर्धारित किया गया। बैठक में पुलिस अधीक्षक नवनीत भसीन, अपर कलेक्टर इला तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल मिश्र, संजय गांधी के ब्लड बैंक प्रभारी लोकेश त्रिपाठी तथा सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
