
एनालिटिकल साइंटिस्ट्स सोसायटी की उपाध्यक्ष बनीं डॉ. निलीमा राजुरकर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे: इंडियन सोसायटी ऑफ एनालिटिकल साइंटिस्ट्स (आईएसएएस) की कार्यकारी समिति में पुणे की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. निलीमा राजुरकर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया है।
यह संस्था देशभर के वैज्ञानिकों का एक प्रमुख मंच है, जिसके तीन हजार से अधिक आजीवन सदस्य हैं। इसमें देश की विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थाओं से जुड़े वैज्ञानिक शामिल हैं। संस्था के भारत में कुल दस चैप्टर कार्यरत हैं। इनमें से पुणे चैप्टर की स्थापना वर्ष 2021 में डॉ. राजुरकर की अध्यक्षता में की गई थी।
संस्था का मुख्य उद्देश्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हो रहे मूलभूत एवं नवाचार आधारित शोध को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाना है। इसके तहत समय-समय पर कार्यशालाएं, सेमिनार, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन तथा प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों के व्याख्यान आयोजित किए जाते हैं।
इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए क्विज प्रतियोगिता, ई-पोस्टर प्रतियोगिता और लेक्चर प्रतियोगिता जैसे विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। उल्लेखनीय है कि पुणे चैप्टर को लगातार चार वर्षों से ‘बेस्ट चैप्टर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है।


