
वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता व नेत्र जांच शिविर का आयोजन
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: पटना, बिहार
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की वरिष्ठ नागरिकों हेतु विधिक सेवाएं योजना-2016 एवं बिहार भरण-पोषण एवं कल्याण वरिष्ठ नागरिक नियम-2012 के तहत सहारा वृद्धाश्रम (हेल्पेज इंडिया), गुलजारबाग में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की मनोवैज्ञानिक एवं सामाजिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उन्हें विधिक अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर प्रभारी सचिव मंजूर आलम, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना, पैनल अधिवक्ता राज किशोर पंडित एवं दीपक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे वृद्ध महिला एवं पुरुषों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी गईं तथा उन्हें निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आपसी सहयोग और सकारात्मक माहौल में खुशहाल जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
लॉ फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने हास्य गतिविधियों, नृत्य एवं बैठकर किए जाने वाले व्यायाम के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर शंकर ज्योति नेत्रालय के सहयोग से नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें वृद्धजनों की आंखों की जांच की गई।
प्रभारी सचिव द्वारा वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर स्वच्छता, खान-पान, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं की भी जानकारी ली गई।



