उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के पत्रकारों को मान्यता के साथ कैशलेस इलाज की सुविधा, CM योगी का बड़ा ऐलान

यूपी के पत्रकारों को मान्यता के साथ कैशलेस इलाज की सुविधा, CM योगी का बड़ा ऐलान

रिपोर्ट :विशाल समाचार

स्थान: गोरखपुर उत्तर प्रदेश

गोरखपुर।यूपी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा है कि मान्यता प्राप्त पत्रकारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ा जाएगा। साथ ही उन्हें मान्यता प्रमाणपत्र और आई-कार्ड उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके।

मुख्यमंत्री सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह को संबोधित कर रहे थे। सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज की आवाज उठाते हैं, लेकिन जब वे स्वयं कठिनाई में होते हैं तो अक्सर उनकी समस्याएं सामने नहीं आ पातीं। ऐसे में सरकार का प्रयास है कि उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता को अपने मूल्यों और आदर्शों से जुड़ा रहना चाहिए और उसे बेलगाम नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भारत में पत्रकारिता की 200 वर्षों की यात्रा राष्ट्र सेवा और समाज सेवा की भावना से प्रेरित रही है, जिसे आगे भी बनाए रखने की आवश्यकता है।

उन्होंने मीडिया के विभिन्न स्वरूपों—प्रिंट, विजुअल, डिजिटल और सोशल मीडिया—के बीच समन्वय की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि यदि एक ही तथ्य को अलग-अलग तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा तो इससे जनमानस में भ्रम की स्थिति पैदा होगी और मीडिया पर विश्वास प्रभावित होगा। इसलिए सभी माध्यमों को समान मानकों और आचार संहिता के अनुरूप कार्य करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र संवाद से चलता है और आलोचना को व्यक्तिगत रंजिश के रूप में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारिता समाज का आईना होती है और उसकी विश्वसनीयता सही तथ्यों और निष्पक्ष प्रस्तुति पर आधारित होती है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने का भी उल्लेख किया और कहा कि 30 मई 1826 को जुगुल किशोर शुक्ल द्वारा ‘उदंत मार्तंड’ के प्रकाशन से शुरू हुई यह यात्रा आज भी निरंतर आगे बढ़ रही है।

कार्यक्रम में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस दौरान अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी सहित अन्य पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button