रीवाप्रशासनमध्य प्रदेश

कलेक्टर ने बेटियों से संवाद कर उनके सपनों को किया प्रोत्साहित

एचपीवी वैक्सीनेशन से न डरें, अफवाहों पर न दें ध्यान - कलेक्टर 

कलेक्टर ने बेटियों से संवाद कर उनके सपनों को किया प्रोत्साहित

एचपीवी वैक्सीनेशन से न डरें, अफवाहों पर न दें ध्यान – कलेक्टर 

 

रीवा . कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सीएम राइज पीके स्कूल का भ्रमण किया, जहाँ उन्होंने छात्राओं के साथ आत्मीय संवाद कर उनके शैक्षणिक भविष्य और व्यक्तिगत रुचियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्राओं से उनके पठन-पाठन और खेलकूद की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी ली। जब कलेक्टर ने छात्राओं से उनके भविष्य के लक्ष्यों के बारे में पूछा, तो क्लासरूम उत्साह से भर उठा। छात्राओं ने पूरी निडरता के साथ अपनी महत्वाकांक्षाएं साझा करते हुए बताया कि वे पढ़-लिखकर डॉक्टर, शिक्षक और पुलिस अधिकारी बनकर समाज की सेवा करना चाहती हैं। कलेक्टर ने छात्राओं के इन सपनों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया।

 

संवाद के दौरान कलेक्टर ने एचपीवी वैक्सीनेशन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष की आयु की छात्राओं के लिए यह टीकाकरण अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि यह भविष्य में होने वाले घातक सर्वाइकल कैंसर को रोकने में एक सुरक्षा कवच की तरह काम करता है। कलेक्टर ने छात्राओं से आह्वान किया कि वे न केवल स्वयं टीका लगवाएं, बल्कि समाज में अन्य किशोरियों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस वैक्सीनेशन को लेकर किसी भी प्रकार के डर या अफवाहों में आने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह पूरी तरह वैज्ञानिक और सुरक्षित प्रक्रिया है। कलेक्टर ने स्कूल प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालय की 14 और 15 वर्ष की समस्त छात्राओं का अतिशीघ्र टीकाकरण कराएं। एचपीवी वैक्सीनेशन के संबंध में प्रभावी जागरूकता अभियान चलाएं जिससे कोई भी छात्रा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button