
मुख्यमंत्री के हाथों होगा ‘रांजे विजन पार्क’ का उद्घाटन, चितळे बंधु का अत्याधुनिक प्रोजेक्ट तैयार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : अपने मशहूर बाकरवड़ी और स्नैक्स के लिए देश-विदेश में पहचान बना चुकी Chitale Bandhu Mithaiwale द्वारा भोर तालुका के रांजे में अत्याधुनिक ‘रांजे विजन पार्क’ उत्पादन प्रकल्प तैयार किया गया है। इस प्रकल्प का उद्घाटन 16 अप्रैल को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis के हाथों किया जाएगा। यह जानकारी कंपनी के साझेदार इंद्रनील और केदार चितळे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।
करीब 25 एकड़ क्षेत्र में बने इस प्रोजेक्ट में मिठाई और नमकीन के लिए अलग-अलग उत्पादन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी क्षमता प्रतिदिन 40 टन उत्पादन की है। इस प्रकल्प में अब तक लगभग 250 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है।
इंद्रनील चितळे ने बताया कि यह प्रकल्प वैश्विक मानकों के अनुसार तैयार किया गया है और इसे FSSC 22000 सहित अंतरराष्ट्रीय फूड सेफ्टी प्रमाणपत्र प्राप्त हैं। साथ ही यह प्रकल्प यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन और ब्रिटिश रिटेल कंसोर्टियम के मानकों पर भी खरा उतरता है।
केदार चितळे ने कहा कि यह ‘विजन पार्क’ आम लोगों के लिए भी खुला रहेगा, जहां ग्राहक उत्पादों को देख, समझ और चख सकेंगे। यहां एक्सपीरियंस सेंटर, कैफे और विशेष व्यूइंग गैलरी बनाई गई है, जिससे लोग उत्पादन प्रक्रिया को सीधे देख सकेंगे।
इसके अलावा कंपनी के इतिहास को दर्शाने के लिए 100 मीटर लंबी विशेष दीवार भी तैयार की गई है। जल्द ही लोग कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से यहां आने के लिए पंजीकरण कर सकेंगे।
कंपनी वर्तमान में करीब 450 उत्पाद बनाती है और देश के 10 राज्यों में 1.25 लाख से अधिक टच पॉइंट्स के जरिए ग्राहकों तक पहुंच रही है। आने वाले 3 वर्षों में इसे 5 लाख तक बढ़ाने और निर्यात को 20 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।



