बिहारशिक्षासीतामढ़ी

धरहरवा में छात्रवृत्ति पुरस्कार समारोह, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

धरहरवा में छात्रवृत्ति पुरस्कार समारोह, मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान

रिपोर्ट:विशाल समाचार 

स्थान:परिहार (सीतामढ़ी), बिहार 

परिहार प्रखंड के धरहरवा स्थित मध्य विद्यालय परिसर बुधवार को शिक्षा और प्रेरणा के सुंदर संगम का साक्षी बना, जहां नागेश्वर प्रसाद सिंह छात्रवृत्ति पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस पहल की शुरुआत वर्ष 2022 में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी के. एन. ठाकुर द्वारा अपने पिता की स्मृति में की गई थी। इस अवसर पर उनकी गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

समारोह में विद्यालय के तीन मेधावी विद्यार्थियों को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पांच-पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अत्यंत पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के टॉप रैंकर्स को सम्मानित कर सामाजिक समावेश और समान अवसर की भावना को मजबूत किया गया।

यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं को सम्मानित करने का मंच बना, बल्कि शैक्षणिक रूप से पिछड़े माने जाने वाले धरहरवा क्षेत्र को शिक्षा के पथ पर अग्रसर करने की प्रेरणादायी पहल भी साबित हुआ।

 

 

मौके पर उपस्थित जिलाधिकारी रिची पांडेय ने अपने संबोधन में बताया कि हाल ही में सीतामढ़ी की दो बेटियों ने विभिन्न संकायों में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सरकार सरकारी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षा में नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि ड्रॉपआउट दर को कम किया जा सके।

उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि कक्षा 5 से 6 एवं 8 से 9 के बीच ड्रॉपआउट पर विशेष निगरानी रखी जाए और ऐसे बच्चों व उनके अभिभावकों की काउंसलिंग सुनिश्चित की जाए।

 

 

कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी, शिक्षक, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। मंच संचालन वरीय शिक्षक एस. एन. झा ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button