इटावा में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर, उपकरण व योजनाओं का मिलेगा लाभ
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
इटावा, : मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम ने जानकारी दी है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद के पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ देने हेतु विकास खण्डवार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरणों के वितरण के साथ-साथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए पात्रता निर्धारण किया जाएगा।
इन शिविरों के माध्यम से ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, वैशाखी, सीपी चेयर, एमआर किट, स्मार्ट केन, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), वॉकिंग स्टिक, ब्रेल किट, लेप्रोसी किट, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल सहित अन्य उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही शल्य चिकित्सा योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, विवाह प्रोत्साहन पुरस्कार योजना तथा दुकान निर्माण/संचालन (ऋण योजना) जैसी योजनाओं का भी लाभ दिया जाएगा।
विकास खण्डवार शिविरों की तिथियां इस प्रकार हैं :
बढ़पुरा – 23 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
जसवंतनगर – 24 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
ताखा – 25 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
बसरेहर – 28 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
चकरनगर – 29 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
महेवा – 30 अप्रैल 2026 (प्रातः 11 बजे)
सैफई – 2 मई 2026 (प्रातः 11 बजे)
भरथना – 5 मई 2026 (प्रातः 11 बजे)
सभी शिविर संबंधित विकास खण्ड सभागार में आयोजित होंगे।
अधिकारियों ने बताया कि शिविर में आवेदन करने हेतु दिव्यांगजन अपने साथ आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, एक नवीन फोटो एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति सहित आवश्यक दस्तावेज लाएं। आवेदन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे, ताकि पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिया जा सके।
शिविरों के संचालन हेतु जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसके साथ ही श्रीमती अर्चना सिन्हा (समेकित शिक्षा) सह-नोडल अधिकारी होंगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप मुख्य चिकित्साधिकारी तथा स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं और प्रचार-प्रसार के लिए संबंधित खण्ड विकास अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।


