इटावाउत्तर प्रदेशप्रशासन

प्रकोप (हीटवेव) से बचाव हेतु जिला प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश, 23 से 26 अप्रैल के बीच येलो अलर्ट

प्रकोप (हीटवेव) से बचाव हेतु जिला प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश, 23 से 26 अप्रैल के बीच येलो अलर्ट

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा। जिला प्रशासन द्वारा जनपद में संभावित लू-प्रकोप (हीटवेव) को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। भारत सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग के राज्य मौसम पूर्वानुमान केंद्र, लखनऊ से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 से 26 अप्रैल 2026 के मध्य जनपद इटावा सहित आसपास के क्षेत्रों में हीटवेव चलने की संभावना व्यक्त की गई है, जिसके चलते येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हीटवेव एक ऐसी स्थिति है, जब तापमान सामान्य से अधिक हो जाता है और उच्च आर्द्रता व वायुमंडलीय परिस्थितियों के कारण इसका प्रभाव और अधिक गंभीर हो जाता है। इससे डिहाइड्रेशन, ऐंठन तथा गंभीर मामलों में जान का खतरा भी उत्पन्न हो सकता है। शहरी क्षेत्रों में ‘अर्बन हीट आइलैंड’ प्रभाव के कारण तापमान और अधिक बढ़ जाता है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, इटावा के अनुसार वृद्ध, बच्चे, गर्भवती महिलाएं, बीमार, मजदूर, गरीब एवं कमजोर वर्ग के लोग लू से अधिक प्रभावित होते हैं।

क्या करें:

दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचें।

हल्के रंग के ढीले एवं सूती कपड़े पहनें।

बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा या छाते से ढकें।

पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और सफर में पानी साथ रखें।

ओआरएस, नारियल पानी, लस्सी, छाछ, नींबू पानी, आम का पन्ना जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।

रेडियो, टीवी व समाचार पत्रों के माध्यम से मौसम की जानकारी लेते रहें।

कमजोरी, चक्कर या अस्वस्थता महसूस होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।

घर को ठंडा रखें, दिन में पर्दे/शटर बंद रखें और रात में खिड़कियां खोलें।

क्या न करें:

बच्चों या पालतू जानवरों को बंद वाहन में अकेला न छोड़ें।

दोपहर के समय भारी श्रम वाले कार्य न करें।

अधिक प्रोटीन युक्त एवं बासी भोजन से बचें।

शराब, चाय, कॉफी व कार्बोनेटेड पेय पदार्थों का सेवन न करें।

अधिक तापमान के समय खाना पकाने से बचें और रसोई को हवादार रखें।

किसी भी आपदा, दुर्घटना या हीटवेव से संबंधित सूचना के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, इटावा द्वारा दूरभाष नंबर 05688-250077, 297204 एवं टोल फ्री नंबर 1077 जारी किए गए हैं।जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, इटावा

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button