दोपहिया वाहनों के लिए नई श्रृंखला में आकर्षक पंजीकरण नंबर
पसंदीदा नंबरों हेतु अग्रिम आवेदन व नीलामी प्रक्रिया घोषित
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे, : क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ), पुणे द्वारा दोपहिया वाहनों के लिए नई पंजीकरण श्रृंखला शुरू की जा रही है। साथ ही, निजी चारपहिया वाहनों के लिए आकर्षक एवं पसंदीदा पंजीकरण नंबर आरक्षित करने हेतु तीन गुना व नियमित शुल्क के साथ अग्रिम आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक वाहनधारक 23 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र, डिमांड ड्राफ्ट (डीडी), पते का प्रमाण, पहचान पत्र एवं पैन कार्ड की सत्यापित प्रतियों के साथ आरटीओ, पुणे के निजी वाहन विभाग में आवेदन जमा कर सकते हैं। किसी एक नंबर के लिए एक से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर उनकी सूची कार्यालय के नोटिस बोर्ड पर प्रकाशित की जाएगी। इन आवेदनों के लिए नीलामी हेतु डीडी 24 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे तथा उसी दिन शाम 4 बजे सभागार में नीलामी आयोजित होगी।
दूसरे चरण में भी पसंदीदा नंबरों के लिए आवेदन 24 अप्रैल को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक स्वीकार किए जाएंगे। इन आवेदनों के लिए नीलामी डीडी 27 अप्रैल को दोपहर 2:30 बजे तक जमा किए जा सकेंगे और उसी दिन शाम 4 बजे सहकार सभागार में नीलामी होगी।
नीलामी के लिए प्रस्तुत डीडी “R.T.O., Pune” के नाम से राष्ट्रीयकृत या अनुसूचित बैंक, पुणे शाखा का होना चाहिए और वह दो माह से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए। प्रत्येक आवेदन के साथ पैन कार्ड की सत्यापित प्रति संलग्न करना अनिवार्य है। डीडी बंद लिफाफे में एक आवेदन के साथ ही मान्य होगा। “Pune R.T.O.” नाम से या निर्धारित शुल्क से कम राशि के डीडी स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एक ही आवेदक द्वारा एक नंबर के लिए एक से अधिक लिफाफे जमा करने पर आवेदन निरस्त कर दिया जाएगा।
यदि नीलामी प्रक्रिया में किसी नंबर के लिए समान राशि के डीडी प्राप्त होते हैं, तो चयन लॉटरी पद्धति से किया जाएगा। नीलामी प्रक्रिया आवेदक की उपस्थिति के बिना भी पूर्ण की जाएगी। महाराष्ट्र मोटर वाहन नियम, 1981 के नियम 54(अ) के अनुसार पसंदीदा पंजीकरण नंबर की वैधता 180 दिनों की होती है। हालांकि, अब एनआईसी पोर्टल में किए गए बदलावों के अनुसार, समाप्त हो चुके नंबर पुनः पोर्टल पर उपलब्ध दिखाई देंगे।
नीलामी के बाद शेष बचे पसंदीदा नंबरों का वितरण ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। नागरिक https://fancy.parivahan.gov.in� वेबसाइट पर पंजीकरण कर, आवेदन एवं शुल्क जमा कर अपनी पसंद का नंबर आरक्षित कर सकते हैं। इसके लिए कार्यालय में उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी, ऐसा आरटीओ, पुणे द्वारा सूचित किया गया है।


