
सीतामढ़ी महोत्सव: मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
पुनौरा धाम में अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा-व्यवस्था सख्त
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी, बिहार
सीतामढ़ी महोत्सव के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के प्रस्तावित सीतामढ़ी आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय है। इसी क्रम में पुनौरा धाम स्थित कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए वरीय पदाधिकारियों ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण एवं कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता, सजगता एवं समन्वय के साथ करें।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भीड़ नियंत्रण, वीआईपी मूवमेंट, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था,मीडिया मैनेजमेंट, पार्किंग स्थल प्रबंधन तथा ट्रैफिक नियंत्रण की समुचित एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग में यह भी कहा गया कि सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी आपस में बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करें तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहें। कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, मेडिकल सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे समय पर अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि माननीय मुख्यमंत्री का कार्यक्रम सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके। मौके पर एडीएम आपदा प्रबंधन के साथ सभी वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
