
में 28 जून को ‘क्विज ऑन कोरिया 2026’ की प्रारंभिक प्रतियोगिता
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे: कोरिया गणराज्य के मुंबई स्थित वाणिज्य दूतावास की ओर से ‘क्विज ऑन कोरिया 2026’ की प्रारंभिक प्रतियोगिता पुणे में आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता कोरिया के विदेश मंत्रालय और कोरियन ब्रॉडकास्टिंग सिस्टम (KBS) के संयुक्त तत्वावधान में, तथा पुणे के किंग सेजोंग इंस्टीट्यूट के सहयोग से आयोजित की जा रही है। यह जानकारी मुंबई में कोरिया के उप वाणिज्य दूत क्येओंगबेओम किम और किंग सेजोंग इंस्टीट्यूट की निदेशक डॉ. एउंजू लिम ने पत्रकार परिषद में दी।
क्येओंगबेओम किम ने बताया कि भारत के लिए यह प्रारंभिक दौर 28 जून 2026 को पुणे स्थित किंग सेजोंग इंस्टीट्यूट में आयोजित होगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को कोरिया की भाषा, संस्कृति, इतिहास और समाज से जुड़े अपने ज्ञान को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, साथ ही कोरिया के प्रति रुचि भी बढ़ेगी। ‘क्विज ऑन कोरिया’ दक्षिण कोरिया सरकार का एक प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत दुनिया भर में कोरियाई दूतावासों के माध्यम से प्रारंभिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती हैं और प्रत्येक देश से एक विजेता को अंतिम दौर के लिए कोरिया भेजा जाता है।
पुणे में आयोजित इस प्रारंभिक प्रतियोगिता का विजेता भारत का प्रतिनिधित्व अंतिम चरण में करेगा। फाइनल में पहुंचने वाले प्रतिभागियों को कोरियाई संस्कृति का अनुभव लेने के साथ-साथ वहां के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा करने का अवसर भी मिलेगा। इस पहल से भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होने की उम्मीद जताई गई है। साथ ही भविष्य में भी सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए ऐसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक प्रतिभागी @s.korea.in.mumbai इस आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए mumbai@mofa.go.kr ईमेल या 9820272791 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।



