
श्रेयस अय्यर भारत के पहले Formula 1® के आधिकारिक कार्यक्रम के लिए ब्रांड एंबेसेडर होंगे
यह नियुक्ति मुंबई फालकन्स के नए अध्याय का संकेत है क्योंकि अब भारत के रेसिंग टैलेंट की अगली पीढ़ी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रित, वैश्विक प्रारूप वाली प्रतियोगिता के लिए तैयारी की जा रही है
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान : मुंबई महाराष्ट्र
मुंबई, : मुंबई फालकन्स रेसिंग लिमिटेड (एमएफआरएल) ने स्टार एथलीट श्रेयस अय्यर को पहले Formula 1® के आधिकारिक कार्यक्रम के लिए आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त करने की घोषणा की है। मुंबई फालकन्स को आधिकारिक फॉर्मूला 1® स्वीकृत सिम रेसिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का अधिकार देने वाले एक समझौते के तहत आयोजित, F1® सिम रेसिंग इंडिया ओपन 2026 देश भर में उभरती प्रतिभाओं के लिए एक राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धी मंच स्थापित करेगा। यह नियुक्ति विभिन्न खेल विधाओं में खेल संस्कृति और बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रति मुंबई फालकन्स के दृष्टिकोण को दर्शाती है।
श्रेयस अय्यर ने भारतीय क्रिकेट में सबसे भरोसेमंद मैच जिताने वाले खिलाड़ी और सभी प्रारूपों में एक बेहतरीन लीडर के रूप में अपनी पहचान बनाई है। मैदान से बाहर भी युवाओं के बीच वे काफी लोकप्रिय हैं और उन्हें पसंद करने वाले लोग सिर्फ क्रिकेट प्रेमियों तक ही सीमित नहीं हैं। उनकी खूबियां और उपलब्धियां उच्च प्रदर्शन, हर स्थिति में खुद को ढालने की क्षमता और भारत की डिजिटल-नेटिव खेल-प्रेमी पीढ़ी के साथ उनके सीधे जुड़ाव को दर्शाती हैं, जो उन्हें इस चैंपियनशिप का चेहरा बनाने के लिए सबसे सही विकल्प बनाता है।
इंडिया के F1® ऑफिशियल प्रोग्राम के ब्रांड एंबेसडर श्रेयस अय्यर ने कहा, “खेल हमेशा से अपनी बढ़त को पहचानने और उस पर काम करने के लिए पर्याप्त अनुशासन में रहने के बारे में रहा है। जब मैंने सुना कि मुंबई फालकन्स एक ऐसा वास्तविक मार्ग बना रहा है जो युवा भारतीयों को आज वे जहां हैं वहां से उस मुकाम तक ले जाता है जहां वे जा सकते हैं, तो मुझे इससे जुड़ने के लिए बहुत अधिक समझाने की जरूरत नहीं पड़ी। यह एक ऐसी पहल है जिस तक बचपन में मेरी पहुंच होती तो बहुत अच्छा होता, और आने वाले इस भविष्य का हिस्सा बनने पर मुझे गर्व है।”
ब्रांड एंबेसडर की घोषणा के बारे में बात करते हुए मुंबई फालकन्स रेसिंग लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अमित गढोक ने कहा, “हमने मुंबई फालकन्स की शुरुआत इस भरोसे के साथ की थी कि भारत में विश्वस्तरीय खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन ढांचागत कमियों की वजह से उनकी प्रतिभा सीमित रह जाती है। फॉर्मूला 1® के साथ मिलकर ‘F1® सिम रेसिंग इंडिया ओपन 2026’ शुरू करना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है। श्रेयस ठीक वैसे ही खिलाड़ी हैं जैसा हम इस पहल के लिए चाहते थे, खेल में शानदार प्रदर्शन और अनुशासन के साथ-साथ उभरती पीढ़ी यानी आकांक्षी युवाओं के साथ उनका वास्तविक जुड़ाव है। हम जो प्लेटफॉर्म लाने जा रहे हैं, वैसा भारत में इस क्षेत्र में पहले कभी नहीं देखा गया है। इस पहल के पूरे दायरे की जानकारी जल्द ही दी जाएगी।”
यह चैंपियनशिप एफआईए (FIA) फॉर्मूला 1® वर्ल्ड चैंपियनशिप™ के आधिकारिक गेम F1® 25 पर खेली जाएगी, जिसमें वैश्विक श्रृंखला के समान ही सर्किट, प्रतिस्पर्धी प्रारूप और टीम लिवरी शामिल होंगे। पंजीकरण 30 अप्रैल, 2026 से एमएफआरएल ऐप के माध्यम से शुरू होंगे, जो प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर पर उपलब्ध है। प्रतिभागी पीसी, प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स पर प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे। आने वाले महीनों में ऑनलाइन क्वालीफायर के बाद शहरों में सिम्युलेटर राउंड होंगे, जिसका समापन नवंबर में मुंबई में होने वाले नेशनल फाइनल के साथ होगा।
यह आगामी पहल मुंबई फालकन्स का अब तक का सबसे महत्वाकांक्षी देशव्यापी प्रोजेक्ट है, जिसे एक स्पष्ट रूप से परिभाषित मार्ग के जरिए भारतीय युवाओं को वैश्विक प्रारूप वाली प्रतियोगिता से जोड़ने के लिए डिज़ाइन किया गया है।



