पूणेमहाराष्ट्ररोजगार

तकनीक के समावेश से उद्योगों का विकास होगा तेज : पद्मश्री मिलिंद कांबळे

तकनीक के समावेश से उद्योगों का विकास होगा तेज : पद्मश्री मिलिंद कांबळे

भारत की पहली तीन दिवसीय ‘ईआरपी प्रदर्शनी’ का उद्घाटन

रिपोर्ट :विशाल समाचार 

स्थान:पुणे महाराष्ट्र 

पुणे/पिंपरी। देश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) को अधिक सक्षम और प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाना समय की आवश्यकता है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), डिजिटाइजेशन और डेटा आधारित तकनीकों के उपयोग से उद्योगों की उत्पादकता और कार्यक्षमता में तेजी से वृद्धि होगी। यह विचार पद्मश्री मिलिंद कांबळे ने व्यक्त किए।

 

वे पिंपरी-चिंचवड़ स्थित ऑटोक्लस्टर एक्झिबिशन सेंटर में एक्स्पोनॉमिक्स इव्हेंट्स की ओर से आयोजित भारत की पहली ‘ईआरपी’ औद्योगिक प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर एक्स्पोनॉमिक्स के संचालक सागर अहिवळे, मिलिंद हडप, आरती भोसले-अहिवळे, सनवन टेक्नॉलॉजी की संचालक श्रद्धा कुलकर्णी, अप्लिका कन्सल्टन्सी के प्रमुख रॉड अल्बुकर्क, रिंगफिडर ट्रान्समिशन के सीईओ दीपान रामलिंगम, इंद्रायणी इंडस्ट्रियल असोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र फणसे सहित उद्योग जगत के कई प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

मिलिंद कांबळे ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए उद्योगों में आधुनिक तकनीकों का बड़े पैमाने पर उपयोग जरूरी है। उन्होंने बताया कि देश में आने वाले प्रत्यक्ष विदेशी निवेश का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा महाराष्ट्र में आता है, जिसमें पुणे का औद्योगिक क्षेत्र प्रमुख भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की औद्योगिक नीतियां निवेश के लिए अनुकूल हैं और पुणे उद्योगों की पहली पसंद बनता जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि कोरोना काल के बाद भारत में डिजिटल क्रांति तेज हुई है और अब उद्योगों को ईआरपी, एआई, डेटा साइंस और मशीन लर्निंग जैसी तकनीकों को अपनाने पर अधिक जोर देना चाहिए। इससे रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में उत्पादन, वित्त, लॉजिस्टिक्स, रिटेल, हेल्थकेयर, कंस्ट्रक्शन और एडटेक क्षेत्रों से जुड़ी अत्याधुनिक ईआरपी और डिजिटल सोल्यूशंस प्रदर्शित किए जा रहे हैं। देशभर की 100 से अधिक ईआरपी कंपनियां, तकनीकी प्रदाता और स्टार्टअप्स इसमें भाग ले रहे हैं। प्रदर्शनी में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन सत्र, कार्यशालाएं और लाइव डेमो भी आयोजित किए जा रहे हैं। यह प्रदर्शनी 9 मई तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक आम नागरिकों के लिए निशुल्क खुली रहेगी।

 

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने वीडियो संदेश के माध्यम से प्रदर्शनी की सराहना की। इस दौरान प्रदर्शनी की जानकारी देने वाली मार्गदर्शिका का भी विमोचन किया गया।

 

प्रदर्शनी की प्रस्तावना रखते हुए सागर अहिवळे ने कहा कि यह आयोजन ‘डिजिटल भारत, विकसित भारत’ की संकल्पना को आगे बढ़ाने के साथ महाराष्ट्र को स्मार्ट औद्योगिक राज्य के रूप में मजबूत करेगा। वहीं श्रद्धा कुलकर्णी ने कहा कि पुणे ने पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल और औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और यह प्रदर्शनी उद्योगों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद करेगी।

 

आरती भोसले-अहिवळे ने कहा कि यह प्रदर्शनी पारंपरिक उद्योगों को स्मार्ट और तकनीक आधारित औद्योगिक इकोसिस्टम की ओर ले जाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं मिलिंद हडप ने कहा कि इससे एमएसएमई और एसएमई क्षेत्र के उद्योगों को आधुनिक तकनीकों की जानकारी और नए व्यावसायिक अवसर प्राप्त होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button