
एमआईटी डब्ल्यूपीयू में ‘इग्नीसिया-2026’ राष्ट्रीय हैकाथॉन प्रतियोगिता संपन्न
मुंबई की ब्रॉन जीपी टीम बनी विजेता, एमआईटी डब्ल्यूपीयू को उपविजेता स्थान
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे। वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की क्षमता का उपयोग करने की थीम पर आधारित राष्ट्रीय स्तर की हैकाथॉन प्रतियोगिता ‘इग्नीसिया-2026’ का आयोजन हाल ही में एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी (एमआईटी डब्ल्यूपीयू) में किया गया। प्रतियोगिता में फिनटेक क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के अभिनव समाधान प्रस्तुत करने वाली मुंबई की ब्रॉन जीपी टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि एमआईटी डब्ल्यूपीयू की ‘बियॉन्ड बिट्स’ टीम उपविजेता रही। कर्नाटक के मणिपाल विश्वविद्यालय की ‘ट्राइस्टैक ओवरफ्लो’ टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन दोनों टीमों ने एसएमईओ2 चुनौती में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
‘सोचो, निर्माण करो और विकसित हो’ विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन एमआईटी वर्ल्ड पीस यूनिवर्सिटी के पॉलिटेक्निक एवं कौशल विकास विभाग तथा कंप्यूटर इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
प्रतियोगिता में विशेष प्रशंसा पुरस्कार ‘लास्ट मिनट चूस’, नागपुर के वायसीसीई तथा पुणे के डीईएस विश्वविद्यालय की ‘माइंड फ्रॉग’ टीम को प्रदान किए गए। इन टीमों को शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और लघु एवं मध्यम उद्योगों से संबंधित समस्याओं के समाधान प्रस्तुत करने के लिए सम्मानित किया गया।

इस प्रतियोगिता में पुणे, मुंबई सहित तमिलनाडु, कर्नाटक, गोवा, गुजरात और तेलंगाना से विभिन्न टीमों ने भाग लिया। देशभर से आए प्रतिभाशाली छात्र शोधकर्ताओं को सीमित समय में वास्तविक समस्याओं के समाधान हेतु एआई आधारित तकनीकी मॉडल तैयार करने की चुनौती दी गई थी। प्रतियोगिता शुरू होने से 18 घंटे पूर्व समस्या विवरण जारी किए गए थे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, फिनटेक, सतत विकास, स्मार्ट सिटी समाधान तथा लघु एवं मध्यम उद्योगों के लिए उपयोगी तकनीकी साधनों जैसे विषय शामिल थे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी गहराई, व्यावहारिक उपयोगिता और प्रस्तुतीकरण की गुणवत्ता के आधार पर किया गया।
कार्यक्रम में उद्योग जगत के कई विशेषज्ञ उपस्थित रहे। वरिष्ठ निदेशक स्वाति सादिनेनी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थीं। वहीं संजय पटवर्धन, अनीश नाथानी और सारंग कमलाकर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के अधिष्ठाता डॉ. सिद्धार्थ चक्रवर्ती, कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी विभाग के कार्यक्रम निदेशक डॉ. बी.एम. पाटील, पॉलिटेक्निक एवं कौशल विकास विभाग की कार्यक्रम निदेशक डॉ. रोहिणी काले, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. ज्योति मांटे, डॉ. शर्मिष्ठा देसाई तथा छात्र समन्वयक विवान माथुर उपस्थित थे।



