प्रियदर्शनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स का एसएससी परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, सभी शाखाओं में विद्यार्थियों ने लहराया परचम
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे, (विशाल सिंह)प्रियदर्शनी ग्रुप ऑफ स्कूल्स ने इस वर्ष एसएससी बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता साबित की है। समूह की इंद्रायणीनगर, शिवाजीनगर और भोसरी शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल का नाम रोशन किया।
इंद्रायणीनगर स्थित प्रियदर्शनी स्कूल एंड जूनियर कॉलेज का परिणाम 100 प्रतिशत रहा। परीक्षा में शामिल सभी 242 विद्यार्थी सफल रहे। इनमें 48 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 99 विद्यार्थियों ने 80 से 90 प्रतिशत के बीच अंक हासिल किए। कुल 179 विद्यार्थियों ने विशेष प्रावीण्य प्राप्त किया।
इस शाखा में परिनिता आढाव ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। ईशा नवले ने 95.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं आर्या देसाई, धनश्री लोंढे और झरीन अंसारी ने 95.40 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
शिवाजीनगर स्थित पुणे पुलिस पब्लिक स्कूल में 71 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें 5 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 22 विद्यार्थियों ने विशेष प्रावीण्य हासिल किया। सानिका हाके ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। गार्गी घाडगे ने 94.60 प्रतिशत और जिग्नेश माली ने 93.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
इंद्रायणीनगर और शिवाजीनगर शाखा की प्राचार्या अर्पिता दीक्षित ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों ने अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
भोसरी स्थित प्रियदर्शनी हाईस्कूल का परिणाम भी उल्लेखनीय रहा। साई ज्ञानेश्वर तानपुरे ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। सोहम वसंत वासतकर और वेदांगी सचिन नेवासकर ने 94.40 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि पूर्वा गजानन मूर्तिकर ने 93.40 प्रतिशत अंक हासिल किए।
भोसरी शाखा की प्राचार्या फरजाना शेख ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से यह सफलता संभव हुई है।
संस्था की संस्थापक सचिव तरुणा इंद्रमन सिंह, प्रबंध न्यासी डॉ. राजेंद्र इंद्रमन सिंह, नरेंद्र इंद्रमन सिंह तथा डॉ. जितेंद्र सिंह ने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षकों और प्राचार्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


