तोशिबा ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम्स (इंडिया) को उत्कृष्ट निर्यात प्रदर्शन के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुआ
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
हैदराबाद,: तोशिबा ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड (टीटीडीआई) को 57वें ईईपीसी इंडिया राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए उत्कृष्ट निर्यात प्रदर्शन का राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया है। यह कंपनी को मिला सातवाँ ऐसा सम्मान है, जो भारत के इंजीनियरिंग निर्यात को नई ऊँचाइयाँ देने और वैश्विक विनिर्माण प्रतिस्पर्धा में देश की ताकत को और पुख्ता करने में टीटीडीआई के निरंतर योगदान को सच्ची पहचान देता है।
टीटीडीआई ने समूह 10: विद्युत मशीनरी एवं पार्ट्स, बड़े उद्यम श्रेणी में शीर्ष सम्मान हासिल किया। यह पुरस्कार दिल्ली के उद्योग, खाद्य एवं आपूर्ति, पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री सरदार मंजिंदर सिंह सिरसा ने टीटीडीआई के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हिरोशी फुरुता को प्रदान किया। यह सम्मान इस बात की पुष्टि करता है कि टीटीडीआई भारत से उच्च गुणवत्ता वाले और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी विद्युत प्रसारण एवं वितरण समाधान दुनिया तक पहुँचाने के लिए पूरी तरह समर्पित है। यह उपलब्धि सरकार की मेक इन इंडिया की सोच और वैश्विक विनिर्माण एवं निर्यात केंद्र के रूप में भारत की उभरती हुई भूमिका के साथ पूरी तरह मेल खाती है।
पुरस्कार स्वीकार करते हुए टीटीडीआई के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर श्री हिरोशी फुरुता ने कहा, “हम ईईपीसी इंडिया से यह प्रतिष्ठित सम्मान एक बार फिर पाकर बेहद खुश हैं। यह उपलब्धि मेक इन इंडिया पहल के प्रति तोशिबा की अटल प्रतिबद्धता और उच्च गुणवत्ता वाले ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन उपकरणों के लिए भारत को एक वैश्विक विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की हमारी सफल कोशिशों का आईना है। तोशिबा समूह के वैश्विक टी एंड डी कारोबार की एक मुख्य धुरी के रूप में टीटीडीआई भारत से दुनिया को उन्नत और भरोसेमंद विद्युत समाधान पहुँचाने में अहम भूमिका निभाता है। हमारे ‘मेड इन इंडिया’ ट्रांसफॉर्मर और स्विचगियर अब 50 से अधिक देशों के बुनियादी ढाँचे को ऊर्जा दे रहे हैं और हम नवाचार तथा इंजीनियरिंग उत्कृष्टता के बल पर वैश्विक रूप से पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा अपनाने की दिशा में प्रगति करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रहेंगे।”
यह ताज़ा सम्मान उच्च मूल्य वाले इंजीनियरिंग उत्पादों के निर्माण और निर्यात में टीटीडीआई की अनवरत उत्कृष्टता को उजागर करता है। ईईपीसी इंडिया राष्ट्रीय पुरस्कारों में यह कंपनी को मिला सातवाँ सम्मान है। सात स्टार परफॉर्मर राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ टीटीडीआई विद्युत मशीनरी और इंजीनियरिंग निर्यात के क्षेत्र में भारत की वैश्विक साख को लगातार मज़बूत करता आया है।
तेलंगाना के रुद्राराम में स्थित अपनी अत्याधुनिक उत्पादन सुविधा से कार्यरत टीटीडीआई, पावर ट्रांसफॉर्मर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर, गैस इंसुलेटेड स्विचगियर (जीआईएस), संरक्षण एवं स्वचालन प्रणालियाँ तथा सर्ज अरेस्टर की पूरी श्रृंखला तैयार करता है। कंपनी खुले संस्थापन के लिए आउटडोर-टाइप जीआईएस जैसे मूल्य वर्धित समाधान उपलब्ध कराती रहती है, जो नवीकरणीय ऊर्जा अपनाने की दिशा में हो रहे वैश्विक बदलाव और विश्वसनीय विद्युत अवसंरचना की ज़रूरतों को पूरा करते हैं।



