इटावाउत्तर प्रदेश

इटावा में जनकल्याणकारी विभिन्न योजनाओं एवं बाल संरक्षण संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

इटावा में जनकल्याणकारी विभिन्न योजनाओं एवं बाल संरक्षण संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश 

इटावा -जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं एवं बाल संरक्षण संबंधी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक में मिशन वात्सल्य योजना की समीक्षा करते हुए बताया गया कि राजकीय विशेष दत्तक ग्रहण अभिकरण में वर्तमान में 03 आवासित बच्चे हैं। जिलाधिकारी महोदय ने बाल विवाह रोकथाम पर विशेष जोर देते हुए कहा कि जनपद में रोके गए बाल विवाहों की संख्या 12 है तथा संबंधित अभिभावकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर सभी प्राथमिक विद्यालयों में लिखवाया जाए ताकि बच्चों एवं अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाई जा सके। उन्होंने कहा कि जागरूकता के लिए विद्यालय सबसे अच्छा माध्यम हैं।

राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर यूनिट-1 की समीक्षा में निर्देश दिए गए कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा कोई भी बच्चा परिसर से बाहर न जा सके। मिसिंग चाइल्ड के मामलों में वर्तमान स्थिति 02 बरामद एवं 06 लंबित बताई गई, जिस पर जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित थानों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

पति की मृत्यु उपरांत निराश्रित महिला पेंशन योजना की समीक्षा में बताया गया कि गत वर्ष 2638 लाभार्थी थे जबकि वर्ष 2026-27 में अभी तक 125 लाभार्थियों को लाभ मिला है। जिलाधिकारी महोदय ने पात्र महिलाओं की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में 2971 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों की सहायता लेकर अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

“बाल सेवा योजना” राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत निराश्रित, अनाथ एवं जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा संबंधी सुविधाएं प्रदान की जाती हैं। योजना के अंतर्गत पात्र बच्चों को प्रतिमाह 2500 आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे उनकी पढ़ाई एवं पालन-पोषण में सहायता मिल सके। जिसमें परिवार की वार्षिक आय ₹3,00,000 (3 लाख) से अधिक नहीं होनी चाहिए। एक परिवार के अधिकतम दो बच्चों को इसका लाभ मिल सकता है। बाल सेवा योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कोविड श्रेणी में 78 तथा सामान्य श्रेणी में 1750 लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिए कि अपात्र व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में लाभ न मिले तथा सत्यापन प्रक्रिया को मजबूत किया जाए।

राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 83372 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार उत्पीड़न के वर्ष 2025-26 के 82 लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित प्रकरणों को पुनः अपलोड कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में 682 लाभार्थियों का लक्ष्य निर्धारित है। जिलाधिकारी महोदय ने योजना के अंतर्गत सामग्री की खरीद जेम पोर्टल से करने के निर्देश देते हुए कार्यक्रम को बेहतर ढंग से संचालित करने पर बल दिया।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2026-27 में विवाह प्रोत्साहन योजना में 10 लक्ष्य के सापेक्ष 01 लाभार्थी तथा दुकान निर्माण योजना में 10 लक्ष्य के सापेक्ष 02 लाभार्थियों को लाभ मिला है। ओ-लेवल एवं सीसीसी कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत प्रथम चरण में 281 लक्ष्य के सापेक्ष 219 तथा दूसरे चरण में 52 लक्ष्य के सापेक्ष 52 लाभार्थियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सरकार इन योजनाओं पर व्यापक धनराशि व्यय कर रही है, इसलिए प्रशिक्षण केंद्रों का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी महोदय ने विशेष रूप से मुस्लिम बालिकाओं की शिक्षा पर ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि समाज में उनकी शैक्षिक स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुस्लिम बालिकाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास योजनाओं से अधिक से अधिक जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के पास कार्य करने के पर्याप्त अवसर हैं और इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

उक्त बैठक में जिला प्रोवेशन अधिकारी विनय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक महिला अनिल कुमार, सी0ओ0 सिटी अभय नारायण राय, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी प्रदीप तिवारी सहित समस्त संबंधित विभाग के अधिकारीगण उपस्थिति रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button