
इटावा पुलिस और बदमाश में मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर अरुण उर्फ लऊवा पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार
अवैध तमंचा, कारतूस, हॉकी और बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार बरामद
रिपोर्ट:विशाल समाचार
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
जनपद इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र में पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें बदमाश अरुण उर्फ लऊवा घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हॉकी, दो मोबाइल फोन और बिना नंबर प्लेट की क्रेटा कार बरामद की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Brijesh Kumar Srivastava के निर्देशन में थाना चौबिया पुलिस थुलरई-बीना मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति क्रेटा कार से गुजरने वाला है। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी कार लेकर भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार अनियंत्रित होकर झाड़ियों से टकरा गई। आरोप है कि इसके बाद बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी अरुण उर्फ लऊवा के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी थाना सैफई का हिस्ट्रीशीटर (13B) है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपी ने 20 अप्रैल 2026 को चौबिया क्षेत्र के उनबा संतोषपुर में हुई घटना में अपने साथियों के साथ शामिल होने की बात स्वीकार की है।
घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बरामद क्रेटा कार को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।


