सबसे दूर-सबसे पहले अभियान के तहत आज से शुरू होंगी गतिविधियाँ
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान :मऊगंज मध्य प्रदेश
मऊगंज जिले में राष्ट्रव्यापी सूचना शिक्षा और संचार अभियान के तहत आदिवासियों को कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता पैदा करने तथा प्रधानमंत्री जनमन एवं धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के गांवों में सबसे दूर-सबसे पहले अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। आगामी 25 मई तक आयोजित किए जा रहे अभियान में शिविरों के आयोजन के साथ ही वृक्षारोपण, हितलाभ वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण और आजीविका दृश्यता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर आधार कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि, जनधन खाता, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, श्रमकार्ड एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ शिविर के माध्यम से दिया जाएगा। मैदानी स्तर पर आयोजित गतिविधियों में आदि कर्मयोगी व एनजीओ ग्रामों का भ्रमण करेंगे और प्रत्येक आदि सेवा केन्द्र में जनसुनवाई कर शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर संजय कुमार जैन ने संबंधित अधिकारियों को अभियान के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं।
