
मिशन शक्ति 5.0 के तहत औरैया पुलिस चला रही जागरूकता अभियान
महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, साइबर अपराध और हेल्पलाइन नंबरों की दी जा रही जानकारी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:औरैया उत्तर भारत
औरैया : उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन एवं सशक्तिकरण के उद्देश्य से संचालित महत्वाकांक्षी योजना “मिशन शक्ति 5.0” के द्वितीय चरण के अंतर्गत औरैया पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है।
पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक औरैया के मार्गदर्शन में जनपद के विभिन्न थानों पर गठित महिला सुरक्षा दल एवं महिला बीट पुलिसकर्मियों द्वारा थाना क्षेत्रों के गांवों, पंचायत भवनों, प्रमुख चौराहों, बाजारों, बस स्टैंड, मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान, शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा साइबर अपराध से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।
इस दौरान 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर हेल्पलाइन, 1930 साइबर अपराध हेल्पलाइन, 102 स्वास्थ्य सेवा, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 एवं 112 सहित अन्य महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी साझा की गई।
औरैया पुलिस द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह देते हुए महिलाओं से साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों से सतर्क रहने की अपील की गई। साथ ही महिला संबंधी अपराधों एवं उनके अधिकारों के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना को मजबूत करना है।


