
उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें – कलेक्टर
जले ट्रांसफार्मर बदलें व फीडर सुधार करें – कलेक्टर
कलेक्टर ने की विद्युत वितरण की समीक्षा
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज. कलेक्टर संजय कुमार जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी के कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने जिले की विद्युत व्यवस्था, बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
कलेक्टर ने जिले के घरेलू एवं कृषि फीडरों पर विद्युत प्रदाय की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित शेड्यूल के अनुसार घरेलू क्षेत्रों में निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाए। विशेष रूप से कृषि फीडरों पर सिंचाई हेतु पर्याप्त वोल्टेज और निर्धारित घंटों तक बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करें। ताकि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि खराब हुए ट्रांसफार्मर को निर्धारित समयावधि के भीतर बदला जाए तथा फीडर सुधार का कार्य करें।
अटल गृह ज्योति योजना के अंतर्गत कलेक्टर ने जिलेवार लाभार्थियों की सांख्यिकीय जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से मिले और उनके बिलों में सब्सिडी का स्पष्ट उल्लेख हो। बैठक में संशोधित वितरण क्षेत्र योजना आरडीएसएस योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा 11 केवी फीडरों की स्थिति, सुधार कार्यों तथा तकनीकी उन्नयन से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण किए जाएं तथा विद्युत तंत्र को अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधोसंरचना विकास से जुड़े इन कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये ताकि विद्युत वितरण नेटवर्क को आधुनिक बनाया जा सके। विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार की अघोषित कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ता शिकायतों का निराकरण त्वरित गति से किया जाए और यह सुनिश्चित हो कि ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों में शासन की मंशा के अनुरूप ऊर्जा लाभ पहुंच रहा है।बैठक में विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संबंधित विभागीय अधिकारी एवं मैदानी कर्मचारी उपस्थित रहे।

