
313 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र
प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा— सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं सहायिकाएं
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा,। विकास भवन स्थित प्रेरणा सभागार में गुरुवार को नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री/राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होमगार्ड एवं नागरिक सुरक्षा श्री धर्मवीर प्रजापति ने की। इस दौरान कुल 313 नव चयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बेटियों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकार की योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री एवं पंपलेट आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाए जाएं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं और बेटियों को योजनाओं की सही जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाएं। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में सरकार ने गरीबों को आवास, गैस कनेक्शन और इलाज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी कई समस्याओं का समाधान किया है।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार में पुलिस एवं होमगार्ड भर्ती पूरी पारदर्शिता के साथ की गई है और प्रतिभाशाली युवाओं को निष्पक्ष अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि परिश्रम करने वालों को निश्चित रूप से सफलता मिलती है। साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि आंगनबाड़ी का मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि विभाग में रिक्त पदों के सापेक्ष विज्ञापन जारी कर चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई तथा स्थानीय ग्रामों में निवास करने वाली महिलाओं का चयन किया गया है।
जिलाधिकारी ने नव चयनित सहायिकाओं का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण अवसर प्राप्त हुआ है और उम्मीद जताई कि सभी सहायिकाएं अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ करेंगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष अन्नू गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट राजेन्द्र बहादुर, जिला विकास अधिकारी राकेश प्रसाद, जिला कार्यक्रम अधिकारी लक्ष्मीकांत त्रिपाठी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

