
बेऊर जेल में “लीगल ऐड हेल्प डेस्क” का उद्घाटन, बंदियों के परिजनों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पटना बिहार
पटना, 24 मई। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के आदेश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देश पर आदर्श केन्द्रीय कारा, बेऊर पटना के मुलाकाती परिसर में रविवार को “लीगल ऐड हेल्प डेस्क” का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन उप महानिरीक्षक-सह-अधीक्षक, आदर्श केन्द्रीय कारा, बेऊर पटना द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से बंदियों के परिजनों को निःशुल्क कानूनी सहायता, न्यायालय प्रक्रिया, जमानत, अपील तथा विधिक अधिकारों से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर कानूनी सलाह और न्यायिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि जानकारी एवं संसाधनों के अभाव में कई बार बंदियों के परिवार उचित कानूनी जानकारी से वंचित रह जाते हैं। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
हेल्प डेस्क पर प्रतिदिन मुलाकाती के समय पैनल अधिवक्ता एवं पीएलवी मौजूद रहेंगे, जो बंदियों के परिजनों को जमानत, अपील और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे।
कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता श्री संतोष कुमार, कारा उपाधीक्षक श्री अजय कुमार, मुलाकाती प्रभारी-सह-सहायक अधीक्षक श्रीमती कुन्दन कुमारी, कारा कर्मी एवं नामित पीएलवी उपस्थित रहे।

