दिल्ली

हरियाणा-राजस्थान समेत 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह बदलेगा मौसम

हरियाणा-राजस्थान समेत 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, कई जगह बदलेगा मौसम

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान : नई दिल्ली 

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा, राजस्थान समेत करीब 15 राज्यों में आज आंधी, तेज हवाएं और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीं कई इलाकों में भीषण गर्मी और लू का असर भी जारी रहेगा।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जिसके चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। हालांकि हाल के दिनों में हुई बारिश और तेज हवाओं के कारण कई राज्यों में तापमान में गिरावट भी देखने को मिली है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली।

मौसम विभाग ने बताया कि हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, राजस्थान और बिहार के कुछ हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ धूल भरी आंधी, बूंदाबांदी और हल्की बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में हीटवेव का असर बना रहेगा।

पर्वतीय राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके अलावा महाराष्ट्र, गोवा और पश्चिमी घाट के क्षेत्रों में भी बारिश का अनुमान लगाया गया है।

दिल्ली-NCR में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने दिल्ली-NCR के लिए अगले 24 घंटे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद अगले पांच दिनों तक लू का असर बढ़ने की चेतावनी दी गई है।

राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी

राजस्थान में रविवार से भीषण गर्मी का दौर तेज होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि कुछ इलाकों में धूल भरी हवाएं और हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है।

मानसून ने दी दस्तक

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 मई को अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में प्रवेश कर चुका है। इसके प्रभाव से दक्षिण भारत के तटीय इलाकों में तेज हवाओं और भारी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button