
झारखंड में IAS अधिकारियों का बड़ा तबादला, कई जिलों के DC बदले
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:रांची झारखंड
रांची। झारखंड सरकार ने शनिवार देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई आईएएस अधिकारियों का तबादला किया। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारी और अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
जारी आदेश के अनुसार स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा को झारखंड मेडिकल एंड हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट एंड प्रोक्योरमेंट कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। प्रतीक्षारत जिशान कुमार को विशेष सचिव पेयजल विभाग नियुक्त किया गया है।
जमशेदपुर के डीसी राजीव रंजन को सुवर्णरेखा परियोजना के प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं विशेष सचिव वित्त विभाग विजय कुमार गुप्ता को प्रभारी प्रमंडलीय आयुक्त हजारीबाग बनाया गया है।
गढ़वा के डीडीसी पशुपति नाथ मिश्र को गढ़वा का नया उपायुक्त (DC) नियुक्त किया गया है। वर्तमान डीसी अनन्य मित्तल को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) का मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है।
सरकार ने देवघर और खूंटी जिले के डीसी भी बदल दिए हैं। खूंटी के डीसी सौरभ कुमार को देवघर का डीसी बनाया गया है, जबकि पलामू के डीडीसी मो. जावेद हुसैन को खूंटी का नया डीसी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा अंजली यादव को अपर सचिव उच्च शिक्षा एवं परीक्षा नियंत्रक, नीरज कुमार सिंह को उत्पाद आयुक्त, नमन प्रियेश लकड़ा को पर्यटन निदेशक तथा प्रीति रानी को निदेशक हस्तकरघा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कार्यों में तेजी लाने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


