
रिक्शा वाली फोटो पर सियासत तेज, ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा हमला
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: लखनऊ उत्तर प्रदेश
लखनऊ। Om Prakash Rajbhar और Akhilesh Yadav के बीच सोशल मीडिया पर बयानबाजी तेज हो गई है। ओपी राजभर द्वारा फेसबुक पर रिक्शा चलाते हुए अपनी एक पुरानी तस्वीर साझा किए जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है।
तस्वीर को लेकर सोशल मीडिया पर हुई टिप्पणियों और ट्रोलिंग के बाद राजभर की ओर से लंबा जवाबी पोस्ट किया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। पोस्ट में अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा गया कि “आप चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, हम नहीं।”
राजभर ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन, गरीबी और जमीनी राजनीति का जिक्र करते हुए लिखा कि उनकी यह तस्वीर उनका अभिमान और संघर्ष की पहचान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग गरीब, रिक्शा चालक और ठेला-पटरी वालों का मजाक उड़ाते हैं।
पोस्ट में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख करते हुए दावा किया गया कि “यही टैम्पो, रिक्शा, ठेला और खोमचा वाले मिलकर जवाब देंगे।”
इसके अलावा राजभर ने खुद को अति पिछड़ा, दलित और वंचित समाज की आवाज बताते हुए कहा कि उनकी राजनीति एसी कमरों की नहीं, बल्कि गांव-गांव जाकर जनता का दुख सुनने की राजनीति है।
सोशल मीडिया पर वायरल इस पोस्ट को लेकर समर्थकों और विरोधियों के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पिछड़ा वर्ग और गरीब तबके को साधने की कोशिशें तेज हो गई हैं।



