
सायली अगावणे और आर्यन राठोड को मिलेगा ‘कसबा गौरव पुरस्कार’
कसबा संस्कार केंद्र के 41वें स्थापना दिवस पर होगा सम्मान समारोह
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे : श्रुतीसागर आश्रम, फुलगांव पुणे संचालित कसबा संस्कार केंद्र के 41वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस वर्ष का ‘कसबा गौरव पुरस्कार’ राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त नृत्यांगना सायली अगावणे तथा अंतरराष्ट्रीय तैराक आर्यन राठोड को प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार समारोह रविवार, 31 मई को शाम 5.15 बजे सदाशिव पेठ स्थित उद्यान प्रसाद कार्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी केंद्र के प्रमुख संयोजक अनिल दिवाणजी और अनघा दिवाणजी ने पत्रकार परिषद में दी।
पत्रकार परिषद में सहायक सहयोगी वसुधा वडके, अपेक्षा राऊत, प्रीती नायकवडी, आर्या परदेशी, चैत्राली सरमहाले, नामदेव समाज उन्नति परिषद पुणे के अध्यक्ष संदीप लचके, कौस्तुभ आगवेकर, पियुष शाह, विजय घाणेकर और गौरी गुमास्ते उपस्थित थे।
कार्यक्रम में ‘कसबा कार्य गौरव पुरस्कार’ पत्रकार सारिका रोजेकर और नाट्य प्रशिक्षक अमृता जोगदेव को प्रदान किया जाएगा। वहीं ‘बाल गौरव पुरस्कार’ आहान मोदी और जिम्नास्टिक्स खिलाड़ी अहिल्या आदमणे को दिया जाएगा। पुरस्कार स्वरूप सम्मानपत्र, सम्मानचिन्ह, शाल और श्रीफल प्रदान किया जाएगा।
समारोह की अध्यक्षता माताजी स्वामिनी स्थितप्रज्ञानंद सरस्वती करेंगी, जबकि सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. मिलिंद भोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा कसबा नगर संघप्रमुख डॉ. दीपक रोकडे, केशव शंखनाद पथक के संस्थापक नितीन महाजन, कल्पना जाधव, संदीप लचके, सीमा सरदेशपांडे, किरण सरदेशपांडे, मुरलीधर देशपांडे और प्रल्हाद गवळी की विशेष उपस्थिति भी कार्यक्रम में रहेगी।
अनिल दिवाणजी ने बताया कि कार्यक्रम में चैतन्य हास्ययोग मंडल, त्वष्टा कासार समाज वाचन मंदिर, लेखक रविंद सातपुते और मॉडल कॉलोनी के अजिंक्य मित्र मंडल का विशेष सम्मान किया जाएगा। संस्था की ओर से हर वर्ष उभरते युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित किया जाता है।
अनघा दिवाणजी ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह के बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया है। संस्था की ओर से बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने और संस्कारित भावी पीढ़ी तैयार करने के उद्देश्य से बाल संस्कार केंद्र संचालित किया जाता है।



