
इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लूट की योजना बना रहे दो बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:इटावा उत्तर प्रदेश
इटावा। जनपद में अपराध एवं आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना जसवंतनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लूट की योजना बना रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों अभियुक्तों के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में थाना जसवंतनगर पुलिस द्वारा कचौरा बाईपास क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि दो युवक अवैध असलहों के साथ लूट की घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन दोनों तेज गति से भागने लगे। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुमित उर्फ सनकी पहलवान के दाहिने पैर तथा शक्ति उर्फ तनुष के बाएं पैर में गोली लगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, तीन खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। बरामद बाइक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुमित उर्फ सनकी पहलवान निवासी नगला भगत थाना जसवंतनगर तथा शक्ति उर्फ तनुष निवासी आनंद नगर थाना कोतवाली इटावा के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
इस संबंध में थाना जसवंतनगर पर मु0अ0सं0 153/2026 धारा 109(1), 309(5) बीएनएस एवं 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। कार्रवाई थानाध्यक्ष कमल भाटी एवं उनकी टीम द्वारा की गई।


