
जल संरक्षण से संवरेगा भविष्य – सांसद जनार्दन मिश्रा
गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में – सांसद ने दिलाई जल और स्वच्छता की शपथ
गंगा दशहरा पर जल उत्सव का आयोजन संपन्न
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान: मऊगंज मध्यप्रदेश
मऊगंज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर प्रदेश भर में चलाए जा रहे जल संरक्षण एवं संवर्धन अभियान तथा प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के पावन उद्देश्य को लेकर गंगा दशहरा के अवसर पर जिले भर में व्यापक स्तर पर जल संरचनाओं के पुनरुद्धार के कार्य किए गए। इसी कड़ी में मऊगंज जिला अंतर्गत ग्राम मटियरा में आयोजित जिला स्तरीय ‘जल उत्सव’ कार्यक्रम में सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने विधि-विधान से जल पूजन कर अभियान का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि पानी जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे बचाना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ‘कैच द रेन’ की अवधारणा पर बल देते हुए ग्रामीणों से आह्वान किया कि “हमें सामूहिक प्रयासों से यह सुनिश्चित करना होगा कि गांव का पानी गांव में और शहर का पानी शहर में ही संरक्षित हो। जल स्रोतों का संरक्षण केवल सरकारी कार्य नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बनना चाहिए। सांसद ने कहा की कि ग्राम मटियरा स्थित ठाकुरताला तालाब का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीणों की सुविधा हेतु तालाब में पक्के घाटों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यह प्राकृतिक धरोहर अपने पुराने स्वरूप में लौट सके।
इस अवसर पर बताया गया कि शासन की महत्वाकांक्षी ‘जल जीवन मिशन’ योजना के तहत जहां एक ओर हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुँचाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर जल स्रोतों की निरंतरता बनाए रखना भी इस मिशन का अभिन्न हिस्सा है। जल जीवन मिशन के तहत बिछाई जा रही पाइपलाइनों और नलों की सार्थकता तभी है जब हम तालाबों, बावड़ियों और कुओं को संरक्षित कर धरती की कोख को दोबारा पानी से भरें बल्कि समुदाय को जल प्रबंधन के प्रति जागरूक करें ताकि जल स्रोतों का दोहन न हो, बल्कि संवर्धन हो। सांसद श्री मिश्रा ने परमज्योति माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात वे भव्य गंगा कलश यात्रा में भी सम्मिलित हुए, जो जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से निकाली गई थी।
कलेक्टर संजय कुमार जैन ने बड़ी संख्या में उपस्थित ग्रामीण जनों को जल संरक्षण के कार्यों में श्रमदान करने और जल जीवन मिशन के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राजेंद्र मिश्रा, एडीएम पीके पांडेय, एसडीम मऊगंज एपी द्विवेदी,सहित प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।


