
स्वातंत्र्यवीर सावरकर को ‘भारत रत्न’ देने की मांग तेज, पुणे में जयंती समारोह आयोजित
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान: पुणे महाराष्ट्र
पुणे। स्वातंत्र्यवीर सावरकर फाउंडेशन और विश्व हिंदू जागृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में पुणे के सारसबाग में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर की जयंती उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर सावरकर की प्रतिमा पर पुष्पहार अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम में हिंदुत्ववादी नेता मिलिंद एकबोटे और सीए सर्वेश मेहेंदळे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रितम थोरवे, सचिव नयन ठाकुर, विश्वस्त एडवोकेट श्रीराम जोशी, अमरनाथ देवळालीकर, आर्य नयन ठाकुर तथा विश्व हिंदू जागृति फाउंडेशन की विश्वस्त मुक्तीका वाटखेडकर सहित बड़ी संख्या में सावरकर समर्थक, हिंदुत्ववादी कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्वातंत्र्यवीर सावरकर के राष्ट्रभक्ति, हिंदुत्व विचारधारा और सामाजिक कार्यों का उल्लेख करते हुए युवाओं से उनके विचारों को अपनाकर राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
मिलिंद एकबोटे ने हिंदू जनजागरण, संगठन और समाज को जनसंख्या संबंधी मुद्दों पर जागरूक रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिंदुओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और वैचारिक स्तर पर एकजुट होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए सजग रहना होगा।
इस दौरान स्वातंत्र्यवीर सावरकर फाउंडेशन की ओर से घोषणा की गई कि विनायक दामोदर सावरकर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ दिलाने के लिए मिलिंद एकबोटे के नेतृत्व में भारत सरकार और महाराष्ट्र सरकार से लगातार मांग की जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस मांग का समर्थन करते हुए विश्वास जताया कि आने वाले समय में सावरकर को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया जाएगा।



