
अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध रोकथाम में यूपी पुलिस को मिली बड़ी सफलता : डीजीपी
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:लखनऊ उत्तर प्रदेश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने कहा कि पिछले सात-आठ वर्षों में प्रदेश में अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में मिशन शक्ति अभियान को जनता का बेहतर सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
डीजीपी ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिससे महिला सुरक्षा को मजबूती मिली है और महिला अपराधों में कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि यूपी पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत 93 प्रतिशत से अधिक अपराधियों को सजा दिलाने में सफलता प्राप्त की है। वहीं गैंगस्टर एक्ट के तहत 5,684 अपराधियों पर कार्रवाई करते हुए करीब 788 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की गई हैं।
साइबर अपराधों पर नियंत्रण के संबंध में डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश इस क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में रहा है तथा 400 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की राशि फ्रीज कराई गई है।
राजीव कृष्ण ने बताया कि पुलिसिंग में एआई आधारित ‘यक्ष (Yaksh) ऐप’ और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अपराध नियंत्रण एवं जांच व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 11.5 प्रतिशत की कमी आई है।
डीजीपी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस जनता की सुरक्षा, कानून व्यवस्था और अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



