उत्तर प्रदेशऔरैयाप्रशासन

भगौतीपुर ट्रामा सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण, 24 घंटे संचालन की दिशा में दिए निर्देश

भगौतीपुर ट्रामा सेंटर का डीएम ने किया निरीक्षण, 24 घंटे संचालन की दिशा में दिए निर्देश

रिपोर्ट: विशाल समाचार 

स्थान:औरैया उत्तर प्रदेश 

औरैया, जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने मंगलवार को भगौतीपुर स्थित ट्रामा सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी से ट्रामा सेंटर में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं, स्टाफ और संचालन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

 

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि ट्रामा सेंटर में दो विशेषज्ञ चिकित्सक, तीन मेडिकल अफसर, तीन पैरामेडिकल कर्मी तथा दो नर्सिंग स्टाफ तैनात हैं। वर्तमान में यहां सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मरीजों को चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि मुख्य सड़क से ट्रामा सेंटर तक जाने वाले ग्राम समाज के नियंत्रणाधीन मार्ग को नियमानुसार लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित कराकर तीन मीटर चौड़ा पहुंच मार्ग विकसित कराया जाए, ताकि मरीजों एवं एम्बुलेंस को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

 

जिलाधिकारी ने ट्रामा सेंटर के 24 घंटे संचालन के लिए चिकित्सकों एवं कर्मचारियों हेतु आवासीय सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आवास निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने को कहा।

 

इसके अतिरिक्त मेडिकल वेस्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए संबंधित संस्था से अनुबंध करने तथा शासन के निर्देशानुसार सोलर सिस्टम स्थापित कराने के भी निर्देश दिए गए।

 

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार सिंह सहित ट्रामा सेंटर के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button