
बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर
रिपोर्ट :विशाल समाचार
स्थान:सीतामढ़ी बिहार
सीतामढ़ी। पुलिस अधीक्षक सीतामढ़ी के निर्देशानुसार जिले में बैंकिंग प्रतिष्ठानों एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न बैंकों और एटीएम केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जा रही है।
पुलिस टीमों द्वारा बैंक परिसर के अंदर और बाहर निगरानी रखी जा रही है तथा आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए हैं।
अभियान का उद्देश्य बैंक ग्राहकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, साइबर और वित्तीय अपराधों पर रोक लगाना तथा आपराधिक घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। पुलिस द्वारा प्रमुख बैंक शाखाओं और एटीएम केंद्रों के आसपास नियमित गश्त भी की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।


