
पुणे ग्रैंड टूर को दुनिया का चौथा ग्रैंड टूर बनाने में सहयोग करेगा यूसीआई
रिपोर्ट: विशाल समाचार
स्थान:पुणे महाराष्ट्र
पुणे/इटली: विश्व साइकिलिंग की सर्वोच्च संस्था Union Cycliste Internationale (यूसीआई) ने पुणे ग्रैंड टूर (पीजीटी) को दुनिया का चौथा ग्रैंड टूर बनाने और पुणे को वैश्विक खेल पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है।
इटली के लेक गार्डा में आयोजित यूसीआई प्रबंधन समिति की बैठक में पुणे ग्रैंड टूर की आयोजन टीम ने प्रस्तुति दी। यूसीआई ने जनवरी 2026 में आयोजित इस प्रतियोगिता की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और आयोजन क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि मात्र छह माह में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न करना उल्लेखनीय उपलब्धि है।
यूसीआई ने प्रतियोगिता में शामिल 25 लाख से अधिक दर्शकों के अनुशासित व्यवहार तथा पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था की भी प्रशंसा की। यूसीआई अध्यक्ष David Lappartient ने इस आयोजन को यूरोप के बाहर भविष्य के संभावित ग्रैंड टूर के रूप में देखते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इस दौरान पुणे के जिलाधिकारी Jitendra Dudi, साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव Maninder Pal Singh तथा Bajaj Auto के निदेशक Abhinav Bindra ने यूसीआई के समक्ष आयोजन की उपलब्धियां और भविष्य की रूपरेखा प्रस्तुत की।
यूसीआई ने पुणे ग्रैंड टूर को यूसीआई 2.1 स्टेटस प्रदान करने की भी मंजूरी दी है, जिससे प्रतियोगिता में विश्व स्तरीय टीमों की भागीदारी बढ़ेगी। साथ ही वर्ष 2027 का आयोजन 26 से 31 जनवरी के बीच कराने पर भी सहमति दी गई है।
यूसीआई अध्यक्ष डेविड लैपार्तिएंत ने घोषणा की कि वह स्वयं अगले वर्ष पुणे ग्रैंड टूर में शामिल होंगे। इस समर्थन को पुणे को विश्व स्तरीय साइकिलिंग गंतव्य बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


